इंदौर तुकोगंज थाना क्षेत्र में रंजिश के चलते एक युवक पर सरेराह गाली-गलौज करते हुए धारदार व नुकीले हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीडि़त के साथ पहले थप्पड़ों से मारपीट की और फिर सिर पर नुकीली वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। फरियादी की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में फरियादी भूपेंद्र पिता राजेश गोठवाल, निवासी पंचम की फैल ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त ने बताया कि वह अपने इलाके से गुजर रहा था, तभी वहां रहने वाले आरोपी तुषार जारवाल और उसके साथी ऋषभ ने उसे रोक लिया। दोनों आरोपी बिना किसी बात के फरियादी को अचानक गालियां देने लगे। जब भूपेंद्र ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने मिलकर उसे थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया।
विवाद के दौरान ही आरोपी तुषार ने अचानक अपने पास रखी किसी अज्ञात नुकीली व धारदार वस्तु से भूपेंद्र के सिर पर जानलेवा वार कर दिया। हमले में फरियादी का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
खून से लथपथ पीडि़त के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के रहवासी और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख दोनों आरोपी सकपका गए और मौके से भागने लगे। जाते-जाते दोनों आरोपियों ने फरियादी को सरेराह धमकी दी कि ‘आज तो तू बच गया है, लेकिन अब दोबारा कभी हमसे उलझा तो तुझे जान से खत्म कर देंगे।’ घटना के बाद लहूलुहान हालत में पीडि़त थाने पहुंचा। तुकोगंज पुलिस ने फरियादी भूपेंद्र गोठवाल की रिपोर्ट पर आरोपी तुषार जारवाल और ऋषभ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
