शहर के वरिष्ठ समाजसेवी बंधुओं के विचार एवं आलेखों का प्रकाशन, सम्मेलन में किया वितरण

इंदौर, अग्रवाल वैश्य समाज की अग्रणी हिंदी समाचार पत्रिका “अग्रसेन दर्पण” के अग्रसेन जयंती महोत्सव विशेषांक का लोकार्पण राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने किया। पत्रिका के प्रधान संपादक मनोज गाँधी एवं संपादक मंडल के राजेंद्र सोनी ने बताया कि महाराजा अग्रसेन के जीवन चरित्र एवं आदर्शों पर आधारित इस बहुरंगी पत्रिका में वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, दिनेश मित्तल, अरविन्द बागड़ी, गणेश गोयल, अशोक गोयल एवं अग्रसेन यूथ क्लब के सचिव सौरभ गोयल सहित अग्रवाल समाज की प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारियों के विचार एवं आलेख प्रकाशित किए गए हैं। पत्रिका के लोकार्पण कार्यक्रम में अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष किशोर गोयल, अभा अग्रवाल महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री हरि अग्रवाल, मालवांचल इकाई के अध्यक्ष अशोक गोयल एवं अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। लोकार्पण के पश्चात अग्रवाल समाज के चिमनबाग मैदान पर सम्पन्न हुए सामाजिक सम्मेलन में भी पत्रिका का वितरण किया गया। मंत्री सिलावट ने महाराजा अग्रसेन के जीवन चरित्र पर आधारित सामग्री के लिए पत्रिका के संपादक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त की।
