
गुजरात से आए प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में 4 दिवसीय रिहर्सल के बाद सुबह निकाली भव्य चुनरी यात्रा
इंदौर, संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में माता की आराधना में इस बार भी परम्परागत गरबा रास महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को सुबह भव्य चुनरी यात्रा के साथ हुआ। चुनरी यात्रा में गरबा महोत्सव में शामिल होने वाले 800 प्रतिभागी माता रानी के जयघोष करते हुए झूलेलाल मंदिर से अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे जहाँ उन्होंने 51 मीटर लम्बी चुनरी समर्पित कर समाज एवं शहर में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की।
महोत्सव संयोजक शारदा-प्रकाश अजमेरा ने बताया कि स्कीम 71, रिंग रोड स्थित ब्लू लोटस गार्डन पर मंगलवार से तीन दिवसीय इस महोत्सव में बॉलीवुड, मारवाड़ी और गुजराती थीम पर अहमदाबाद की इवेंट टीम के मार्गदर्शन में इस गरबा रास की धूम मची रहेगी। माहेश्वरी समाज के अनेक प्रमुख अतिथि भी महोत्सव में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे। मंगलवार को सुबह अन्नपूर्णा मार्ग स्थित झूलेलाल मंदिर से अन्नपूर्णा मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन परम्परागत वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच किया गया। महोत्सव में शामिल होने वाले 800 से अधिक प्रतिभागियों ने लाल चुनरी एवं लहंगा पहनकर सज-धजकर मातारानी की जयघोष के बीच 51 मीटर लम्बी चुनरी समर्पित की। इस अवसर पर अशोक इनानी, महेश मूंगड, मनोज छापरवाल, पुष्प माहेश्वरी, रुपेश भूतड़ा, मधुसूदन भल्लिका, वासुदेव मालू, देवेन्द्र बाहेती, श्रीमोहन सोमानी, कैलाश जाजू, राजेश गट्टानी, गोपाल राठी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रतिभागी महिलाओं की अगवानी की।
संयोजक शारदा प्रकाश अजमेरा के अनुसार गरबा रास महोत्सव के लिए गत 9 से 12 अक्टूबर तक श्रीजी वाटिका पर अहमदाबाद से आई प्रख्यात गरबा इवेंट कंपनी के 10 प्रशिक्षकों ने इन सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया है। रास गरबा में वैश्य समाज के सभी घटकों के परिवारों को शामिल किया गया है। समाज बंधुओं का जबरदस्त उत्साह देखने को तब मिला जब मात्र 4 दिनों में ही 800 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रविष्ठियां दर्ज कराई।
आज मारवाड़ी राजपूताना थीम – निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार 14 अक्टूबर को मारवाड़ी राजपूताना थीम और 15 अक्टूबर को गुजराती एवं कृष्ण रास थीम पर गरबा महोत्सव होगा। पूरे महोत्सव की कमान मातृशक्ति के हाथों में रहेगी। आयोजन केवल आमंत्रितों के लिए “पहले आएं पहले पाएं” आधार पर होगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतिभागियों में सिंगल्स एवं कपल्स, दोनों श्रेणी के प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव स्थल पर वाहन पार्किंग, सुरक्षा, रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य समुचित प्रबंध किए गए हैं।
