
इंदौर, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी विद्यासागर निषाद की अनुशंसा पर जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खान ने इंदौर के वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी सुधीर बंका को पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें प्रदेश संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। महासचिव आफाक अहमद के हस्ताक्षर से जारी नियुक्ति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मध्यप्रदेश में इसके पूर्व की गई संगठनात्मक नियुक्तियों को निरस्त कर दिया गया है। नई प्रदेश कार्यकारिणी एवं अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा शीघ्र की जाएगी। श्री सुधीर बंका की नियुक्ति पर प्रदेश के अनेक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्नेहीजनों ने बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड को नई ताकत और नए आयाम मिलेंगे।
