इंदौर

बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, संस्था छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं गुरूजी सेवा न्यास द्वारा बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे संचालित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) के संयुक्त तत्वावधान में आम महिलाओं के लिए 20-21 मई को श्रीमती नीना देवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) पर आयोजित शिविर का संचालन गुरूजी सेवा न्यास द्वारा तथा छावनी स्थित चमेलीदेवी रेडक्रॉस सेंटर पर आयोजित शिविर का संस्था छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया जाएगा।
ये दोनों शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) तथा छावनी स्थित चमेलीदेवी अग्रवाल रेडक्रॉस सेंटर पर आयोजित होंगे। दोनों दिन इन शिविरों में जाने-माने महिला रोग विशेषज्ञ और उनके सहयोगी अपनी सेवाएँ देकर महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता पर आधारित परामर्श भी प्रदान करेंगे। स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन पर शुक्रवार रात को आयोजित बैठक में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन की ओर से ट्रस्टी वंशिका तपन अग्रवाल, चमेलीदेवी रेडक्रॉस सेंटर के डॉ. आर. के. गौड़, छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी के गोपाल गोयल एवं संदीप गोयल ऑटो सहित बड़ी संख्या में शहर की धार्मिक सामाजिक संस्थाओं की ओर से मीना अग्रवाल, रश्मि गोयल, नीना बदरुका, रंजना ताई, वर्षा मूलचंदानी, अनिता गोयल, प्रज्ञा अग्रवाल, मोना बंसल, अनिता, पूजा गोयल सहित विभिन्न संगठनों की महिलाओं ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अपने विचार भी रखे। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार एवं संचालन आदि गतिविधियों पर विचार मंथन कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
शिविर संयोजक गोपाल गोयल एवं संदीप गोयल ने बताया कि पहली बार शहर में दो अलग-अलग स्वास्थ्य केन्द्रों पर केवल महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का यह आयोजन किया जा रहा है। दोनों दिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक दोनों स्थानों पर जाने-माने चिकित्सा विशेषज्ञ महिलाओं से सम्बन्धित सभी रोगों की जाँच कर निशुल्क परामर्श भी देंगे। सभी सदस्यों ने श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की स्मृति में हाल ही में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन द्वारा चलाए गए मधुमेह एवं मोटापा मुक्त अभियान के लिए आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की खुलेमन से सराहना करते हुए इसे अपने किस्म का पहला अनूठा सेवा कार्य बताया और फाउंडेशन के प्रमुख विनोद अग्रवाल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
अब महिलाओं के लिए जो शिविर 20-21 मई को दोनों स्थानों पर आयोजित होंगे, उनमें भी अनेक चिकित्सा विशेषज्ञ अपनी सेवाएँ देकर हर उम्र की महिलाओं को निशुल्क परामर्श भी देंगे और अत्याधुनिक मशीनों की मदद से चिकित्सकों के परामर्श पर उनकी जांचें भी करेंगे। दो अलग-अलग क्षेत्रों में इन शिविरों का आयोजन इस दृष्टि से भी किया जा रहा है कि शहर के पूर्वी एवं मध्य क्षेत्रों की जरूरतमंद महिलाऐं अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर इन शिविरों का लाभ उठा सके।
