
राजस्व शिविर आयोजन का सिलसिला लगातार जारी
इंदौर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए राजस्व निरीक्षक वृत्त स्तर पर विशेष राजस्व जनकल्याण शिविरों का आयोजन किये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जिले की तहसील हातोद के ग्राम पालिया हेदर तथा राऊ तहसील के ग्राम रंगवासा में राजस्व जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत की। शिविर में प्राप्त अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता संबंधी विवाद, अभिलेखों में त्रुटि सुधार आदि के 440 से अधिक राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण किया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार आज बुधवार को तहसील हातोद के वृत्त-03 अंतर्गत ग्राम पालिया हेदर में राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अपर कलेक्टर श्री विजय नवजीवन पंवार, एसडीएम श्री राजेश कुमार सिंह, तहसीलदार श्री गोविंद सिंह ठाकुर सहित राजस्व अमला, जनप्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर में लगभग 400 किसानों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
शिविर में राजस्व से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। एसडीएम द्वारा इन्द्राज दुरुस्ती के दो तथा अपील के एक प्रकरण का निराकरण किया गया। वहीं तहसीलदार द्वारा नामांतरण के 19, बंटवारे के 4, सीमांकन के 4, बटांकन के 1 तथा अन्य मद के 6 प्रकरणों सहित कुल 37 मामलों का मौके पर निराकरण कर संबंधित किसानों को आदेशों की प्रतियां प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को भी सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रास्ता विवाद के चार मामलों में स्थल निरीक्षण किया गया, जबकि सीएम हेल्पलाइन की चार शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया। राजस्व शिविर के उपरांत एसडीएम श्री राजेश कुमार सिंह ने ग्राम पालिया स्थित सामुदायिक विकास केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रंगवासा में आयोजित शिविर में लगभग 400 प्रकरणों का निराकरण
इसी तरह आज राऊ तहसील के के ग्राम रंगवासा में भी राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विधायक श्री मधु वर्मा, एसडीएम श्री लोकेन्द्र सिह सरल, तहसीलदार श्री सतेन्द्र सिंह गुर्जर, राजस्व निरीक्षकगण व तहसील कार्यालय राऊ का समस्त स्टाफ, सरपंच ग्राम रंगवासा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। राजस्व शिविर में करीब 150 किसान शामिल हुये। एसडीएम राऊ द्वारा शिविर में इन्द्राज दुरूस्ती के 04 प्रकरणों का निराकरण किया गया। अपर तहसीलदार वृत रंगवासा के द्वारा नामांतरण के 303 प्रकरणों, बटवारा एवं बटाकंन के 21 प्रकरण, सीमांकन के 68 प्रकरणों की सुनवाई कर अंतिम आदेश पारित किया गया। इस प्रकार कुल 396 प्रकरणों का शिविर में निराकरण कर आदेशों की प्रति संबधित कृषकों को प्रदान की गई। इनके अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को सुना गया। किसानों की ई. के.वाय.सी एवं फार्मर रजिस्ट्री स्वीकृत की गई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिये गये। शिविर में 01 रास्ता विवाद का प्रकरण का निराकरण किया गया, 06 प्रकरण सीएम हेल्पलाईन के संतुष्टिपूर्वक निराकृत किये गये।
