
इंदौर विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार 4 सितम्बर को धूमधाम से मनाया जाएगा। आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में सुबह एवं दोपहर को हरियाली, कदम के फूल एवं फूलों से लड्डू गोपाल की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मंदिर पर 21 विद्वानों द्वारा “ओम नमो भगवते वासुदेवाय” द्वादश महामंत्र से आराधना, पुरुषोपचार पूजन, महाभोग एवं महाआरती के आयोजन होंगे। माखन मिश्री एवं धनिया-पंजेरी के प्रसाद का वितरण भी होगा। इसके पूर्व आचार्य पं. लोकेश शर्मा एवं उनके साथी भगवान की विभिन्न लीलाओं से जुडी आकर्षक और मनोहारी झांकियां सजाएंगे। संध्या को 51 विद्वानों द्वारा आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में भगवान कृष्ण का तुलसी दल, सफेद तिल्ली एवं पुष्पों से सहस्त्रार्चन किया जाएगा। षोडशोपचार पूजन, गोदुग्ध से अभिषेक एवं श्रृंगार के बाद रात्रि ठीक 12 बजे जन्मोत्सव की आरती होगी। मंदिर पर आकर्षक पुष्प एवं विद्युत सज्जा भी की जाएगी। शनिवार 5 सितम्बर को नंदोत्सव मनाया जाएगा। उत्सव में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं।
