
एयरपोर्ट रोड स्थित होटल से दलाल बाग तक निकला भव्य जुलूस, राष्ट्रसंत के साथ मंत्री और महापौर भी चले पैदल
इंदौर वीआईपी रोड, दलाल बाग स्थित विद्या-सुधा मंडप पर चल रहे 31वें राष्ट्रीय महिला अधिवेशन में समापन दिवस पर देशभर से आई 6 हजार से अधिक महिलाओं ने परम्परागत परिधान में सज-धजकर राष्ट्रसंत प.पू. सुधासागर म.सा. एवं 18 अन्य संतों के सानिध्य में अल सुबह एयरपोर्ट रोड स्थित मिडफ्लाइट होटल से भव्य और अनुशासित जुलूस निकालकर समूचे यात्रा मार्ग को राष्ट्रसंत, जिन शासन एवं महावीर स्वामी के जयघोष से गुंजायमान बनाए रखा। अनेक तीर्थ क्षेत्रों की झांकियों और धार्मिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच निकली इस शोभा यात्रा ने शहर के जैन समाज के नाम एक और नया यशस्वी कीर्तिमान रच डाला। राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अनेक राजनेता भी जुलूस में शामिल हुए और महिलाओं के अनुशासन एवं धार्मिक आस्था को देखकर वे भी जुलूस का हिस्सा बने रहे।
सकल दिगम्बर जैन धर्म प्रभावना समिति के तत्वावधान में रविवार से प्रारम्भ हुए दो दिवसीय 31वें राष्ट्रीय महिला अधिवेशन में शामिल होने के लिए देश के 12 राज्यों के 125 महिला संगठनों से जुडी मातृशक्ति सुबह जब जुलूस में शामिल होने सड़कों पर उतरी तो आस्था, श्रद्धा और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। तीन-तीन की कतारों में अनुशासित ढंग से चली महिलाओं ने अपने हाथों में जिन शासन एवं राष्ट्रसंत के प्रति श्रद्धा आस्था के बैनर्स, पोस्टर्स और तख्तियां ले रखी थीं। कलशधारी महिलाऐं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली महिलाएं भी पूरे समय आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. भी ससंघ जुलूस में पधारे और महिलाओं को शुभाशीष प्रदान किए। सामाजिक संसद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगडे, रूचि गोधा एवं संगीता बाकलीवाल सहित अनेक बहनें जुलूस की विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटी रहीं। आयोजन समिति की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला जैन डोडिया (जयपुर), जुलूस संयोजक राहुल सेठी, साधना दगडे, चक्रवर्ती अध्यक्ष नवीन गोधा, चक्रवर्ती मनीष गोधा, सामाजिक संसद अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन, संजय पाटोदी, गौरव पाटोदी, रूचि गोधा, कल्पना गंगवाल, राजेश गंगवाल, अतुल पाटोदी, अंकित सेठी, प्रदीप टोंग्या सहित अनेक पदाधिकारियों ने पूरे समय कमान संभाले रखी। देश के अन्य शहरों से आई महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्र के तीर्थों की झांकियों का शानदार और प्रभावी प्रदर्शन किया।सुबह 5 बजे से लेकर पूर्वाह्न 11 बजे तक एकता ग्रुप के सदस्यों ने भी पूरी मुस्तैदी से जुलूस की व्यवस्थाएं संभाली।
जुलूस की व्यस्थाओं में राहुल झांझरी, महावीर सिंघई, सुयश जैन, अभिषेक अभिनन्दन, अक्षय पाटनी, कमलेश बडजात्या, रिंकिन तलाटी सहित अनेक कार्यकर्ता जुटे रहे। जुलूस में अनेक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रेष्ठ प्रस्तुतियों वाली झांकियों तथा रविवार रात को हुई विभिन्न स्पर्धाओं की विजेताओं को भी शाम को दलाल बाग में आयोजित समारोह में राष्ट्रसंत के सानिध्य में पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। जुलूस में शौर्य की प्रतीक अश्वारोही 24 मातृशक्ति, 16 बग्घी, 2 बैंड दल, 1 आर्केस्ट्रा पार्टी और तीर्थ क्षेत्र महावीरजी से आए प्रख्यात भजन गायक सोनू भाई एवं उनकी मंडली भजनों की अमृत वर्षा करते हुए चल रही थी। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी राष्ट्रसंत के सानिध्य में पैदल चलकर दलाल बाग पहुंचे। महिला मंडल की बहनें भी 15 ई-रिक्शा पर सवार होकर भजन गाते हुए चल रही थीं। दलाल बाग तक पहुँचने में जुलूस को करीब साढ़े तीन घंटे का समय लगा। मार्ग में अनेक स्थानों पर गुरुदेव के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए रहवासियों ने पूजन एवं पाद प्रक्षालन के लिए व्यवस्थाएं कर रखी थी। जुलूस संयोजक राहुल सेठी एवं गौरव पाटोदी सहित सभी पदाधिकारियों ने जुलूस की व्यवस्था में सहयोग के लिए पुलिस एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
