विभिन्न यादव अहीर संगठनों द्वारा तैयारियां, यादव बाहुल्य क्षेत्रों में घर-घर पीले चावल सहित न्योता

इंदौर शहर के सभी प्रमुख यादव अहीर संगठनों की ओर से यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के तत्वावधान में शुक्रवार 4 सितम्बर को सुबह 10 बजे बड़ा गणपति चौराहे से निकलने वाली विशाल शोभा यात्रा में विभिन्न संगठनों द्वारा 7 मनोहारी झांकियां भी शामिल रहेंगी। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा द्रोपदी के चीरहरण को रोकने, गोवर्धन पर्वत को एक अंगुली पर उठाकर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश देने, कालियादेह नाग का मर्दन और जगन्नाथ के मंदिर में विराजमान राधा-कृष्ण के अलावा राधारानी संग रासलीला से लेकर कंस वध के लिए जाते हुए अनेक हाथियों के बल वाले एक हाथी को मल्ल युद्ध में पराजित करने सहित कुल 7 झांकियां इस रजत जयंती शोभा यात्रा में आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यादव अहीर समाज केन्द्रीय समिति के संरक्षक दीपू यादव, अध्यक्ष ओंकार यादव, यात्रा प्रभारी मंगलेश यादव, श्रीमती अंजना यादव एवं अभय यादव ने बताया कि शोभा यात्रा का रजत जयंती वर्ष होने से इस बार यादव अहीर समाज बंधुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के लिए यादव बाहुल्य क्षेत्रों, कंडीलपुरा, जिंसी, शंकरगंज, बड़ा गणपति, धर्मराज कॉलोनी, भोलेनाथ कॉलोनी, काछी मोहल्ला, संगम नगर, भागीरथपुरा, इमली बाजार, मल्हारगंज, नगर निगम सहित शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पीले चावल सहित न्योता देने का सिलसिला जारी है।
घर-घर पीले चावल सहित न्योता – रजत मंडित मुख्य रथ में विराजित राधा-कृष्ण और गोवंश के पूजन के साथ इस दिव्य और भव्य शोभा यात्रा का शहर के विशिष्ट अतिथियों द्वारा शुभारंभ होगा। यात्रा के लिए समाज बंधुओं को यादव बाहुल्य क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पीले चावल सहित न्योता देने का सिलसिला भी चल रहा है। शोभा यात्रा में महिलाएं रानी कलर की साड़ी और पुरुष श्वेत परिधान में सपरिवार आएंगे।
वरिष्ठों के मार्गदर्शन में तैयारियां – महिला संगठनों की ओर से श्रीमती अंजना यादव, नुपूर यादव, कविता यादव, सुषमा यादव तथा विभिन्न संगठनों की ओर से साईं भक्त प्रदीप यादव, राजेंद्र यादव, नरेश यादव एवं उनकी टीम द्वारा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर घर-घर न्योता दिया जा रहा है। वरिष्ठ समाजसेवी रमेश यादव उस्ताद, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, पार्षद विनितिका यादव, भाजपा नेता हरिनारायण यादव, जिला कांग्रेस के सदाशिव यादव, बीएसएफ के पूर्व आईजी अशोक यादव, स्टेट बैंक के पूर्व महाप्रबन्धक आरडी यादव, इंटक अध्यक्ष श्यामसुंदर यादव, समाजसेवी आईपीएस यादव, अभिभाषक बनवारीलाल यादव, पूर्व पार्षद विजय यादव, शंकर यादव, रामसमुझ यादव, सुभाष यादव, रमेश कल्लन सहित शहर के 20 प्रमुख संगठनों के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में शोभा यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शोभायात्रा बड़ा गणपति से प्रारम्भ होकर सुभाष मार्ग, जिंसी, इमली बाजार, रामबाग, नगर निगम, चिकमंगलूर चौराहा होते हुए इंटक कार्यालय श्रम शिविर पर सामाजिक सम्मेलन में बदल जाएगी, जहाँ आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा।
7 झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र – शोभायात्रा में इस बार दिल्लीवाल यादव अहीर समाज के हुकम यादव खलीफा के मार्गदर्शन में राधारानी संग रासलीला, पॉवर हाउस यादव अहीर संगठन के रामसमुझ यादव के मार्गदर्शन में कंस वध के लिए मथुरा जाते समय मल्ल युद्ध में श्रीकृष्ण द्वारा हाथी को पराजित करने, मंगलेश यादव के मार्गदर्शन में गोवर्धन पर्वत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जगन्नाथ मंदिर में विराजित राधा-कृष्ण की जीवंत छवि, द्रोपदी के चीरहरण को बचाते हुए भगवान श्रीकृष्ण और यमुना नदी ने कालिया नाग के मर्दन की झांकियां भी तैयार हो चुकी हैं। साईं भक्त प्रदीप यादव की टीम भी भगवान के जीवन चरित्र पर आधारित एक झांकी बना रही है।
अखाड़ों के पहलवान भी करतब दिखाएंगे – उज्जैन से महाकाल के भक्तों की मंडली में शामिल कलाकार और स्थानीय अखाड़ों के पहलवान भी यात्रा में अपने करतब दिखाते हुए शामिल होंगे। अनेक नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सज-धजकर आएंगे। यात्रा मार्ग में इस बार भी 50 से अधिक मंच और तोरण द्वार भी लगाए जा रहे हैं जबकि 21 कार्यकर्ता पूरे समय यातायात व्यवस्था को रस्से की मदद से नियंत्रित करते हुए चलेंगे।
100 से अधिक कार्यकर्त्ता संभालेंगे व्यवस्था – समाज के 100 से अधिक कार्यकर्ता पूरी शोभा यात्रा को व्यवस्थित बनाते हुए शामिल होंगे। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, शहनाई और अन्य वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच शोभा यात्रा पूरे उत्साह के साथ निकाली जाएगी। उधर महिलाओं, युवतियों तथा युवाओं द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पीले चावल सहित यात्रा का न्योता देने की परम्परा का निर्वाह भी किया जा रहा है। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु क्षेत्रवार बैठकों का नियमित सिलसिला जारी है।
