
इंदौर । धार रोड स्थित प्राचीन आस्था केंद्र धरावरा धाम पर 22 से 28 फरवरी तक आश्रम के संस्थापक साकेतवासी महंत घनश्याम दास महाराज की 17 वीं पुण्यतिथि के प्रसंग पर श्री मानस सम्मलेन एवं भागवत ज्ञान यज्ञ का दिव्य अनुष्ठान होगा। शाजापुर जिले के प्रख्यात भागवत मनीषी पं. ब्रजकिशोर नागर धरावरा धाम भक्त मंडल न्यास की मेजबानी में यहाँ प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक भागवत कथामृत का रसपान कराएंगे। अनुष्ठान में आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालुओं की भागीदारी रहेगी।
गुरुवार को धरावरा धाम आश्रम पर पीठाधीश्वर महंत शुकदेव दास महाराज के सानिध्य में भक्त मंडल की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मानस सम्मेलन, भागवत ज्ञान यज्ञ, महाप्रसादी एवं अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया। आश्रम के श्रीकांत शर्मा ने बताया कि बैठक में समाजसेवी नानूराम चौधरी को मुख्य यजमान मनोनीत किया गया। अनुष्ठान की दिव्यता को देखते हुए डॉ. सुरेश चोपड़ा संयोजक, कल्याण भांगडिया स्वागताध्यक्ष, दिनेश राठी अध्यक्ष, सीताराम नरेडी उपाध्यक्ष, अशोक कुमावत महामंत्री, प्रवीण मोहन चौधरी कोषाध्यक्ष तथा सर्वश्री प्रकाश मनोहर चौधरी, देवेन्द्र सांखला, डॉ. कमलेश गर्ग, नवनीत लाहोटी एवं सुरेश बजाज भोजन व्यवस्था समिति के प्रभारी मनोनीत किए गए। मानस सम्मेलन के समापन पर 28 फरवरी को 25 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा भी धरावरा धाम पर सम्पन्न होगा। इस दौरान धरावरा धाम स्थित महंत घनश्याम दास महाराज की समाधि का भी विशेष श्रृंगार एवं पूजन किया जाएगा।
भागवत कथामृत के लिए आ रहे पं. ब्रजकिशोर नागर मालवी, हिंदी और संस्कृत के ज्ञाता हैं तथा देश के अनेक प्रमुख शहरों-गांवों में सनातन धर्म की ध्वजा फहरा चुके हैं। अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र के गाँव-गाँव में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है और भक्त मंडल द्वारा नियमित बैठकों के अलावा भक्तों को घर-घर पहुंचकर न्योता देने का अभियान भी सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा।
