
इंदौर एलआईजी लिंक रोड स्थित अनुराग नगर में प.पू. गच्छाधिपति विज्ञानप्रभ सूरीश्वर म.सा. की प्रेरणा और साध्वी प.पू. भव्यप्रभाश्रीजी म.सा. आदिठाणा 4 की निश्रा में अध्यात्मलक्षी चातुर्मास महोत्सव का आयोजन मंगलवार 8 सितम्बर से प्रारंभ होगा। इस दौरान 15 सितम्बर तक प्रतिदिन तप, तपस्या, प्रवचन, प्रतिक्रमण, पौषध, देरासर पूजा विधि, शक्रोस्तव पक्षाल एवं श्रावक-श्राविकाओं के लिए विधि-विधान से विभिन्न क्रियाएँ आयोजित होगी। पर्युषण में प्रतिदिन आरती, आंगी, नए-नए संगीतकारों के साथ रात्रि को 8 से 10 बजे तक भक्ति संगीत के आयोजन भी होंगे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष हेमन्त डोसी ने बताया कि न्यासी मंडल की ओर से पर्युषण महापर्व के दौरान समाज बंधुओं की सुविधा के लिए सभी प्रबंध इस व्यवस्था के साथ किए गए हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को दर्शन हो सकें और वे परमात्मा के स्पर्श एवं पूजा करने का पुण्य लाभ उठा सकें। समूचे मन्दिर परिसर को तीर्थ रूप में श्रृंगारित किया गया है। वैसे भी अनुराग नगर स्थित यह मन्दिर शनिग्रह के नायक श्री मुनिसुव्रत स्वामी के अनुग्रह का स्थान माना जाता है, जहाँ सभी तरह की आधि-व्याधि दूर करने के लिए पूरे वर्षभर साधकों का आगमन होता रहता है।
न्यासी मंडल के अशोक शाह, कल्पक गाँधी एवं कैलाशचंद कटारिया ने बताया कि पर्युषण महापर्व में शनिवार 12 सितम्बर को भगवान महावीर स्वामी का जन्म वाचन महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा और संवत्सरी प्रतिक्रमण मंगलवार 15 सितम्बर को अपराह्न 3 बजे से आयोजित होगा। ट्रस्ट मंडल ने क्षेत्र के सभी समाज बंधुओं से यहाँ आयोजित पर्युषण महोत्सव में आकर पुण्य लाभ उठाने का आग्रह किया है।
