इंदौर परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने ही बेटे और बहू पर मारपीट, भुखमरी और प्रताडऩा के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग दंपत्ति की देखभाल करने आई बेटियों पर भी बहू ने हथौड़े और झाड़ू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे बहू के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शिवाजी नगर निवासी 80 वर्षीय हीरालाल कश्यप ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनका बेटा आशीष कश्यप और बहू ममता कश्यप आए दिन उनके और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। आरोप है कि दोनों बुजुर्गों को न तो समय पर खाना देते हैं और न ही उनकी बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखते हैं। घर में रहने से रोकने के साथ-साथ अपनी बेटियों और दामाद को भी मिलने नहीं देते।पीडि़त ने बताया कि गत 5 मार्च को उनकी बेटियां अर्चना वर्मा और राखी वर्मा अपने माता-पिता की देखभाल के लिए घर पहुँची थीं। इसे देख बहू ममता भडक़ गई और अश्लील गालियां देने लगी। डर के मारे बेटियों ने कमरे का गेट बंद कर लिया, तो आरोपी ममता हथौड़ा लेकर आ गई और दरवाजा तोडऩे की कोशिश की। जैसे ही दरवाजा खुला, उसने झाड़ू और थप्पड़ों से ननदों की पिटाई कर दी। वहीं बेटे आशीष ने अपने ही भांजे दिव्यांश के साथ भी मारपीट की।
