इन्दौर। जूनी इन्दौर क्षेत्र में बीती रात पुलिस और राहगीरों की मुस्तैदी से दो शातिर लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। अग्रसेन चौराहा स्थित एसीपी ऑफिस के समीप कोचिंग से लौट रहे एक छात्र का मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाशों को पीछा कर पकड़ लिया गया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है। फरियादी कुशल श्रीवास्तव मूल निवासी रायबरेली, यूपी है वह वर्तमान में बिचौली मर्दाना क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, कल रात करीब ११ बजे कोचिंग के बाद मोबाइल पर मैच की कमेंट्री सुनते हुए जा रहे थे। इसी दौरान एक पान दुकान के पास पैदल आए बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल झपटा और पास ही खड़े अपने साथी के स्कूटर पर बैठकर नवलखा की ओर भागने लगा। छात्र के शोर मचाने पर वहां तैनात पुलिसकर्मियों, राहगीरों और उनके साथी अरमान मलिक ने तत्काल पीछा शुरू किया। घेराबंदी कर दोनों बदमाशों युवराज परिहार बागली, निवासी देवास और आयुष ठाकुर निवासी आष्टा हाल मुकाम भंवरकुआ को धरदबोचा गया। आरोपियों के पास से लूटा गया फोन बरामद कर लिया गया है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
