इंदौर अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने एक शातिर तस्कर को धरदबोचा है। आरोपी के कब्जे से ०८ ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ८०,००० रुपये आंकी गई है। आरोपी इतना शातिर है कि वह पुलिस से बचने के लिए अपनी असली पहचान छुपाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। हीरानगर पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस दल जब आईटीआई मैदान के पास पहुंचा, तो वहां एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह घबराकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। संदेही की सघन तलाशी लेने पर उसके पास से ८ ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी का नाम लक्की उर्फ लखन पिता ईश्वर श्रीवंशनिवासी अर्जुन सिंह गौहर नगर है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि लक्की कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है,उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में ११ आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी अपनी असली पहचान छुपाकर वारदातों को अंजाम देने में माहिर है। हीरानगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा ८/२१ के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शहर में ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहाँ से करता था और उसके इस अवैध नेटवर्क में और कौनकौन से चेहरे शामिल हैं।
