इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। सुविधि नगर चौराहा स्थित एक टू-व्हीलर शोरूम को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने शटर उचकाकर अंदर रखी नकदी और अन्य कीमती सामान पार कर दिया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह वारदात रियांश टीवीएस शोरूम में हुई। शोरूम संचालिका आभा पति मयंक यादव निवासी नंदबाग कॉलोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि यह घटना रात १० बजे से सुबह १० बजे के बीच हुई। बदमाशों ने शोरूम के मुख्य शटर को उचकाकर अंदर प्रवेश किया और काउंटर पर मौजूद टेबल की दराज को खंगाला। दराज में रखी नकदी, कंपनी की चेकबुक और एक मोबाइल फोन चोरी कर बदमाश मौके से फरार हो गए। अगली सुबह जब कर्मचारी शोरूम पहुंचे और शटर उठा हुआ देखा, तब उन्हें चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची और जाँच शुरू की गई। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
