इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के भवानी नगर में अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बेडरूम में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और वहां रखे सोने के कीमती आभूषण समेट कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, फरियादी विनोद जायसवाल पिता रमेशचंद जायसवाल निवासी भवानी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि जब वे घर पहुंचे तो देखा कि बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। अलमारी के अंदर रखा हुआ सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर की हालत देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत जांच पड़ताल शुरू की।विनोद की पत्नी कविता जायसवाल ने जब अलमारी की तलाशी ली, तो पाया कि उसमें रखे उनके सोने के पुराने इस्तेमाली आभूषण गायब थे। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
