इंदौर चंदन नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र की कोरल वैली कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो पानी की मोटरें और क्रॉम्पटन कंपनी के चार एग्जॉस्ट फैन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब ३० हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए ही चोरी व नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। चंदन नगर थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार संदिग्धों और चोरों की धरपकड़ के लिए गोपनीय रूप से सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि सिंहासा स्थित एमएस कोरल वैली कॉलोनी में चोरी करने वाले कुछ नशेड़ी बदमाश जवाहर टेकरी वाइन शॉप के पास खुले मैदान में चोरी के माल के साथ बैठे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान की घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को धरदबोचा। थाने लाकर जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से नाम और पता पूछा, तो उन्होंने अपनी पहचान भूपेंद्र पिता कैलाश चौहान, कान्हा पिता संतोष दांगी और अजय पिता नवल दांगी तीनों निवासी जवाहर टेकरी, इंदौर के रूप में बताई। आरोपियों के कब्जे से बरामद हुआ चोरी का मशरूका जब्त कर पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों और उनके नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
