इंदौर। बेटमा थाना क्षेत्र के ग्राम किशनपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते पंचायत बुलाने से आगबबूला हुए आरोपी पति ने न सिर्फ अपनी पत्नी को लात-घूंसों और लाठी से पीटा, बल्कि वहां मौजूद परिजनों पर पथराव भी कर दिया। इस पथराव में महिला की मासूम भतीजी के माथे पर गंभीर चोट आई है, जबकि बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग दादा भी घायल हो गए हैं। बेटमा थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम किशनपुरा निवासी फरियादी रोमा बाई पति हीरासिंह सोलंकी ने अपने आरोपी पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता रोमा बाई ने अपने पति हीरासिंह की हरकतों और प्रताड़ना से तंग आकर उनके आपसी विवाद को सुलझाने के लिए समाज के वरिष्ठ जनों की एक पंचायत बुलाई थी। कल जब पंचायत बैठी, तो आरोपी हीरासिंह सोलंकी वहां पहुंच गया और अपनी पत्नी को पंचायत बुलाता देख भड़क गया। आरोपी ने सबके सामने रोमा बाई को गालियां देना शुरू कर दिया। जब लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी हीरासिंह ने रोमा बाई को गिराकर लात-घूंसों और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इतने पर भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो आरोपी ने वहां मौजूद परिजनों पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकना शुरू कर दिए।आरोपी द्वारा फेंके गए पत्थरों की चपेट में आने से रोमा बाई की ४ साल की मासूम भतीजी रोशनी के माथे पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा, वहीं बुजुर्ग दादा कृपाराम भी पत्थरों के वार से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हीरासिंह अपनी पत्नी को जान से मारने की धौंस देते हुए मौके से फरार हो गया।
