इन्दौर। विजय नगर इलाके में एक सिरफिरा युवक पिछले कई दिनों से एक युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। अंतत: पीड़िता की हिम्मत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली एक २६ वर्षीय पीड़िता ने विजय नगर थाने पहुँचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजेंद्र सिंह तोमर पिता लक्ष्मण सिंह तोमर निवासी राजगढ़।पिछले कुछ समय से उसे लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी रोजाना पीड़िता के आॅफिस के बाहर आकर बैठ जाता था और वहां उसका इंतजार करता था। जैसे ही पीड़िता काम खत्म कर अपने घर के लिए निकलती, आरोपी अपनी गाड़ी से उसका लगातार पीछा करने लगता था। इस दौरान वह पीड़िता के साथ गालीगलौच कर जबरन उसका मोबाइल नंबर मांगता था।पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में १५ मई को हुई गंभीर घटना का जिक्र करते हुए बताया कि सुबह करीब ९:०० बजे वह अपनी स्कूटी से सत्यसाईं चौराहे से गुजर रही थी। तभी अचानक आरोपी राजेंद्र सिंह तोमर वहां आया और उसने पीड़िता की स्कूटी के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। आरोपी ने जबरदस्ती पीड़िता की स्कूटी को पकड़ लिया और उसका रास्ता रोककर सरेराह तमाशा खड़ा कर दिया।रास्ता रोकने के बाद आरोपी ने पीड़िता से सरेआम कहा, तेरा मोबाइल नंबर दे, मैं तुझे पसंद करता हूँ और मुझे तुझसे बात करना है।सरेराह बीच चौराहे पर हुई इस गुंडागर्दी और छेड़खानी से पीड़िता बेहद डर गई और उसने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घर पहुँचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई और थाने जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
