
इंदौर हवा बंगला, कैट रोड स्थित हरिधाम आश्रम पर पंचकुंडीय श्रीहनुमत महायज्ञ, श्रीराम कथा एवं विशाल भंडारे के दिव्य अनुष्ठान का शुभारंभ शुक्रवार को अपरान्ह 4 बजे फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। गुरुवार को गुरु पुष्य नक्षत्र में अतिरिक्त कलेक्टर गोपाल वर्मा, एसीपी निधि सक्सेना एवं डीसीपी ज़ोन 4 सुनील मेहता ने अतिथि के रूप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आश्रम के महंत शुकदेवदास महाराज के सनिध्य में इंद्र ध्वजा का पूजन कर जवारे रोपण की विधि सम्पन्न की।
आश्रम परिवार के प्रमुख डॉ. सुरेश चोपड़ा, सुधीर अग्रवाल एवं संतोष सिंह ने बताया कि हनुमत महायज्ञ के लिए करीब 2 हजार वर्गफीट मैदान में यज्ञशाला का निर्माण सम्पन्न हो चुका है। गुरुवार को अतिथियों ने यज्ञशाला में इंद्र ध्वजा का पूजन किया। अतिथियों का स्वागत ओमप्रकाश अग्रवाल, विजय सिंह राणा एवं संजय अग्रवाल ने किया। हरिधाम पर पहली बार 51 विद्वान हनुमत महायज्ञ जैसा दिव्य अनुष्ठान करेंगे। यहाँ 22 से 29 मई तक प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में “कवन सो काज कठिन जग माही, जो नहीं होइ तात तुम पाहीं” महामंत्र से आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी। महायज्ञ में शामिल होने वाले यजमानों को महायज्ञ में सिद्ध और अभिमंत्रित किए गए श्रीयंत्र भी भेंट किए जाएँगे।
पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में हरिधाम पर इस बार 3 दिव्य अनुष्ठान होने जा रहे हैं, इनमें सबसे बड़ा और दिव्य आयोजन हनुमत महायज्ञ का होगा जिसमें शहरी एवं आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु भागीदार बनेंगे। इसका शुभारंभ शुक्रवार 22 मई को शाम 4 बजे फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा जबकि 23 से 29 मई तक यहाँ श्रीधाम वृन्दावन के प्रख्यात कथाकार पं. श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन भी प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगा। शुक्रवार 29 मई को दोपहर 2 बजे महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का क्रम प्रारम्भ होगा जिसमें 25 गांवों के सभी श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के संत-महंत और विद्वान आचार्य भी सानिध्य प्रदान करेंगे।
