
बैतूल जिले के मुलताई में गुरुवार शाम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। इसके बाद हंगामा मच गया। दो समुदाय के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट भी हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया ।
आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव बाइक पर किसी काम से निकले थे। तभी एक मोड़ पर कुछ युवकों ने बाइक से कट मार दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। थोड़ी ही देर में मारपीट होने लगी। बताया जा रहा है कि इस हमले में यादव को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एएसपी कमला जोशी भी मुलताई पहुंचे। पांढुर्णा से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्रशासन ने धारा 144 लगा दी। लोगों को सड़कों से हटा दिया है ।बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि मुलताई में हालात सामान्य हैं। लोगों को समझाइश दी गई है। अलग-अलग थाने का पुलिस बल मुलताई में तैनात किया जा रहा है।
