इंदौर
भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक युवक को वर्क प्रसॉम होम के जरिए अच्छी कमाई का लालच देकर लाखों रुपये ठगने की वारदात सामने आई है। आरोपी ने खुद को जॉब कंसल्टेंट बताकर युवक से सिक्योरिटी डिपॉजिट और सिलेक्शन के नाम पर पैसे ऐंठ लिए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी अर्सीन शेख पिता नासिर शेख, जो मूल रूप से बड़वानी के रहने वाले हैं और वर्तमान में स्वामी दयानंद कॉलोनी इन्दौर में रह रहे हैं, ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अर्सीन ने बताया कि 24 जनवरी को उनके मोबाइल पर शैलेंद्र नामक व्यक्ति का मैसेज आया था। मैसेज में घर बैठे डेटा हैंडलिंग का काम करने पर हर महीने 30 से 40 हजार रुपये कमाने का ऑफर दिया गया था। अर्सीन ने आरोपी के झांसे में आकर अपना बायोडाटा भेज दिया। कुछ दिनों बाद आरोपी ने मैसेज कर बताया कि उनका सिलेक्शन हो गया है, लेकिन जॉब जॉइन करने के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये जमा करने होंगे। जब फरियादी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने सहानुभूति का नाटक करते हुए कहा कि वह अपनी ओर से कुछ पैसे मिला देगा और अर्सीन को केवल 1 लाख 40 हजार रुपये ही देने होंगे। आरोपी के मीठे बोल और नौकरी के लालच में आकर अर्सीन ने किश्तों में कुल 1.40 लाख रुपये आरोपी के बताए ‘फोन पे’ नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद जब अर्सीन ने काम शुरू करने के बारे में पूछा, तो आरोपी पहले टालमटोल करता रहा और बाद में उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। तब फरियादी को अहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। भंवरकुआं पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।
