इंदौर द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर में एक किराएदार महिला के मकान का ताला तोड़कर पूरा सामान बाहर फेंकने और विरोध करने पर दंपत्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला का आरोप है कि इस हरकत के दौरान उसका सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी गायब हुई है। द्वारकापुरी थाना पुलिस ने फरियादी महिला की शिकायत पर एक ही परिवार के छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना विदुर नगर में रहने वाली निवेदिता पति राजेश राठौर के साथ घटित हुई। निवेदिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी नीता वर्मा, दीपक वर्मा, शोभा वर्मा, अश्विन, अमित वर्मा और देवीलाल वर्मा सभी निवासी विदुर नगर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। फरियादी महिला ने पुलिस को बताया कि गत दिवस रात करीब ९ बजे जब वह अपने किराए के मकान पर पहुँची, तो वहाँ का नजारा देखकर दंग रह गई। आरोपियों ने उसकी अनुपस्थिति में मकान का ताला तोड़ दिया था और उसके घर का सारा सामान सड़क पर बाहर फेंक दिया था। महिला ने जब घर का सामान चेक किया, तो उसका सोने का मंगलसूत्रपेंडल और चांदी की पायल भी वहाँ से नदारद मिले। जब निवेदिता ने इस पूरी गुंडागर्दी का विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और गालियां देना शुरू कर दिया। मना करने पर आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब महिला के पति राजेश राठौर बीचबचाव करने दौड़े, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। पीटने के बाद आरोपियों ने दंपत्ति को खुलेआम धमकी दी कि अगर वे दोबारा कमरे के अंदर जाने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें जान से खत्म कर देंगे।
