गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के पांचवें दिन कैंपस वन और टू के छात्रों ने दी प्रस्तुतियां

इंदौर। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को सांदीपनि महाराजा शिवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल में “गुरु पूजन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कैंपस वन और कैंपस टू के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत श्लोक, भजन और गुरु वंदना प्रस्तुत कर गुरु के महत्व को उजागर किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
छात्रों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुतियां
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 9वीं की छात्रा जाह्नवी वानखेड़े द्वारा प्रस्तुत संस्कृत श्लोक से हुई। इसके बाद कक्षा 6वीं के अनिमेश ने गीत के माध्यम से बताया कि कोई भी कार्य प्रारंभ करने से पूर्व गुरु वंदना आवश्यक है।कक्षा 9वीं के शिवम् ने कहा कि जीवन रूपी नाव बिना गुरु के पार नहीं हो सकती और शिष्य के जीवन का सच्चा सहारा गुरु ही होते हैं। कक्षा 11वीं के चन्द्र प्रकाश ने भागवत गीता के अध्याय 15 में वर्णित गुरु महिमा का संस्कृत में वर्णन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।इसके अलावा माधुरी चौहान, पार्वती चौहान, प्रथमेश शिंदे, भूमिका और शेजल ने भी भजन और गुरु वंदना की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हर्षा पंडित, उप प्राचार्य श्री सुधांशु वर्मा, श्रीमती मंजू चौरसिया, श्रीमती प्रेरणा केलवा, श्री लोमहर्ष जाट और श्री कुलदीप शर्मा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।प्राचार्य श्रीमती हर्षा पंडित ने सभी प्रतिभागी छात्रों की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों में भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
