
इंदौर शहर के पश्चिमी क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा आश्रम पर श्रावण मास के उपलक्ष्य में महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सानिध्य एवं आश्रम के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि के आतिथ्य में भगवान महाकाल को समर्पित “राम धुन–द बैंड” द्वारा भक्ति गीत “भोले के भक्तों की सेना” का भव्य लोकार्पण हर-हर महादेव के जयघोष के बीच सम्पन्न हुआ। इस भक्ति गीत को भजन गायक पीयूष पारे ने अपनी मधुर एवं ऊर्जावान आवाज दी है।
आयोजन में मंत्री प्रतिनिधि अशोक गोयल, इस्कॉन से जुड़े समाजसेवी हरि अग्रवाल, महेंद्र सिंह सोनगिरा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि भी मौजूद थे जिन्होंने भजन गायक पीयूष पारे की इस प्रस्तुति की खुलेमन से सराहना की। भजन में संगीत संयोजन भी स्वयं पीयूष ने ही किया है। इस भक्ति गीत में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, भक्ति और कावड़ यात्रा के साथ ही सनातन संस्कृति का रंग सुनने को मिलेगा। महामंडलेश्वर स्वामी विश्वैश्वरानंद गिरि एवं स्वामी जयेंद्रानंद गिरि ने इस भक्ति संगीत को शिव भक्तों के लिए सावन की पहली सौगात बताते हुए भजन गायक को बधाई एवं आशीर्वाद प्रदान किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भजन से जुड़े कलाकार, सहयोगी एवं अन्य स्नेहीजनों ने भगवान शिव की आराधना कर भजन को जन-जन तक पहुँचाने की मंगल कामनाएँ व्यक्त की।
