महामंडलेश्वर के सानिध्य में 21 विद्वानों के साथ 500 श्रद्धालुओं ने महामंत्र जाप का लक्ष्य किया पूरा

इंदौर विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सान्निध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में पूरे श्रावण मास में इस बार “ह्रीं नमः शिवायै च नमः शिवाय” महामंत्र के एक करोड़ जाप का लक्ष्य पूरा किया गया। इस अनुष्ठान में प्रतिदिन 5 लाख जाप एवं सहस्रार्चन में औसतन 500 श्रद्धालुओं ने भाग लेकर विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिवाशिव का विधिवत पूजन, अर्चन किया। पूरे माह एक करोड़ मंत्र जाप का यह अनुष्ठान संभवतः शहर में सबसे दिव्य और वृहद आयोजन था।आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की आराधना के विभिन्न अनुष्ठानों के तहत प्रतिदिन “ह्रीं नमः शिवायै च नमः शिवाय” महामंत्र के जाप का अनुष्ठान नियमित रूप से जारी रहा। आश्रम के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी गिरिजानंद सरस्वती “भगवन” की प्रेरणा और परम्परा के अनुरूप आश्रम से जुड़े 21 विद्वानों ने प्रतिदिन 500 श्रद्धालुओं के साथ इस महामंत्र से भगवान शिवाशिव की आराधना में भाग लेकर यह कीर्तिमान स्थापित किया। भक्त मंडल के विनोद सिंघल ने बताया कि प्रतिदिन 500 साधकों ने 5 लाख जाप एवं सहस्त्रार्चन आराधना में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उसके अलावा श्रावण मास में नियमित रूप से सुबह से देर शाम तक अन्य अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। अब जन्माष्टमी महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
