
जगजीवन राम नगर खेड़ापति मंदिर से शुरू होकर जुलूस पहुंचा राधा-कृष्ण मंदिर – अनेक साधु-संत भी हुए शामिल
इंदौर श्री चंद्रवंशी यादव समाज इंदौर के तत्वावधान में कुलदेवता भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को सुबह रिमझिम फुहारों के बीच जगजीवनराम नगर स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर से भगवान के रथ एवं पालकी सहित भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें अनेक राजनेता, संत एवं विद्वान तथा विभिन्न समाजों के गणमान्य बंधु भी शामिल हुए। समाज के अध्यक्ष संतोष यादव, नारायणसिंह यादव एवं रोहित यादव ने बताया कि शोभायात्रा मंदिर से पाटनीपुरा चौराहा, नंदानगर मेनरोड, परदेशीपुरा चौराहा होते हुए राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची, जहां समापन पर महाआरती के बाद फलाहारी प्रसाद का वितरण भी हुआ।
शोभायात्रा में अनेक मनोहारी झांकियां भी शामिल थीं। रथ को समाजबंधु अपने हाथों से खींचते हुए चले। शोभायात्रा में शहर के प्रमुख संत-विद्वान और महामंडलेश्वर दादू महाराज, महामंडलेश्वर नितिन महाराज, भागवताचार्य विवेकानंद एवं वृन्दावन के बाल संत ऋषभदास महाराज भी शामिल हुए। यात्रा संयोजक दिलीप यादव, सतीश यादव, मानसिंह यादव, सुनील यादव, ललित यादव, मुकेश यादव, जीतू यादव एवं राजेश यादव ने बताया कि समाज के 11 सदस्यों की व्यवस्था समिति ने पूरी यात्रा की व्यवस्थाएं संभाली। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व पार्षद चंदूराव शिन्दे, रघु यादव, रोहित चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जन प्रतिनिधि शामिल हुए। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से संबंधित आकर्षक रंग-बिरंगी झांकियां भी शामिल थीं।
समूचे यात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, पुष्पमालाओं और अन्य चित्रकारी से सजाया गया था। ढोल-ढमाकों, बैंडबाजों और शहनाई तथा नगाड़ों की मंगल ध्वनि के बीच भक्ति और गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से साथ अनेक नृत्य दल भी प्रस्तुतियां देते चल रहे थे। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर विभिन्न समाजों ने भी यात्रा का स्वागत किया। चंद्रवंशी यादव समाज के सैकड़ों परिवार परंपरागत वेशभूषा में आकर इस शोभायात्रा में भागीदार बने। परदेशीपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर पर महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।
