
इंदौर, एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर अधिष्ठाता श्रीमहंत रामचरणदास महाराज के सानिध्य एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के मार्गदर्शन में चल रहे नवरात्रि महोत्सव में मंगलवार को 11 विद्वानों द्वारा दुर्गा सप्तशती के पाठ के पश्चात जैसे ही पूर्णाहुति संपन्न हुई, मठ परिसर यज्ञ देवता एवं मातारानी के जयघोष से गूंज उठा। मठ पर 21 कन्याओं का पाद पूजन कर उन्हें दक्षिणा एवं उपहार भेंट भी किए गए।
पं. अमित दास महाराज ने बताया कि मठ पर नवरात्रि महोत्सव में पूरे नौ दिनों तक दुर्गा सप्तशती के पाठ का दिव्य अनुष्ठान चल रहा था। मंगलवार को विद्वानों के निर्देशन में मां अन्नपूर्णा, मां गायत्री एवं मां सरस्वती का मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात 21 कन्याओं को आमंत्रित कर उन्हें पाद पूजन के पश्चात नए वस्त्र भेंट कर भोज भी कराया गया और दक्षिणा भी भेंट की गई। महानवमीं के उपलक्ष्य में यज्ञशाला में 11 विद्वानों द्वारा दुर्गा सप्तशती के संपुट से एक हजार आहुतियां समर्पित की गई। यज्ञ-हवन में महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में सैकड़ों भक्तों ने आहुतियां समर्पित की और समाज तथा राष्ट्र में सुख, शांति एवं सदभाव के लिए प्रार्थना की।
