
इंदौर, विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर विजयादशमी के महापर्व पर आश्रम परिसर स्थित शमी वृक्ष के नीचे पूजन विधि महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुई। नवरात्रि के उपलक्ष्य में चल रहे सग्रहमख महायाग की पूर्णाहुति भी अभिजीत मुहूर्त में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर आश्रम परिवार के पं. दिनेश शर्मा, राजेन्द्र महाजन, सुश्री उमा शुक्ला, रमेश पसारी, रमेशचंद्र राठौर सहित सभी प्रमुख सदस्यों ने पूजन में शामिल होकर श्रद्धालुओं के प्रति असत्य पर सत्य की और बुराइयों पर अच्छाइयों की जीत के इस पर्व की शुभकामनाएं व्यक्त की। आश्रम पर नवरात्रि महोत्सव में चल रहे सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में भी मंगलवार को जैसे ही 2 लाख 51 हजारवीं आहुति संपन्न हुई, समूचा परिसर यज्ञदेवता एवं मातारानी के जयघोष से गूंज उठा। कन्या पूजन एवं अन्य सभी शास्त्रोक्त अनुष्ठान भी संपन्न हुए। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती के सानिध्य में कन्या पूजन के पश्चात बालिकाओं को दक्षिणा भेंट कर भोजन भी कराया गया। मंदिर पर देर रात तक भक्तों का मेला जुटा रहा। मन्दिर परिसर स्थित शमी वृक्ष के पूजन एवं दर्शन के लिए भी भक्तों का ताँता लगा रहा।
