इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जोरदार शतक के साथ दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 196 गेंदों पर खेली गई उनकी 129 रनों की पारी में 16 चौके और दो छ्क्के शामिल रहे।गिल का यह बतौर कप्तान पांचवां टेस्ट शतक है और उन्होंने इसी के साथ एक कैलेंडर ईयर में पांच शतक जड़ने के मामले में विराट की बराबरी कर ली है। विराट ने यह काम एक नहीं बल्कि दो-दो बार किया है।
गिल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला खिलाड़ी बन गए है । दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरी उनके करियर का 10वां शतक है। इसी के साथ उन्होंने इस साल की शुरुआत में संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में नौ शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इसके अलावा उन्होंने अपनी इस पारी के दम पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 1997 में भारत के टेस्ट कप्तान रहते हुए चार शतक लगाए थे। इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग टॉप पर हैं, जिन्होंने 2006 में सात शतक लगाए थे।
