इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास मामूली टक्कर होने की बात को लेकर तीन बदमाशों ने एक युवक पर सीमेंट ब्लॉक, बीयर की खाली बोतल और डंडे से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और नाक से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फरियादी की शिकायत पर चंदन नगर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से कुक्षी जिला धार निवासी और हाल निवासी थाने के सामने झुग्गी-झोपड़ी, संजय पिता भीसन मंडलोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह चंदन नगर स्थित कलाली से शराब लेकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी टक्कर त्रिलोक नामक युवक से हो गई। इसी बात से नाराज होकर त्रिलोक और उसके साथी साहिल व विक्की तीनों निवासी समाजवाद नगर फरियादी को सरेराह गालियां देने लगे। जब संजय ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो विवाद हिंसक हो गया। आरोपी त्रिलोक ने पास में पड़ा एक सीमेंट का ब्लॉक उठाकर सीधे संजय की नाक पर मार दिया, जिससे खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी साहिल ने यह बहुत तेज चल रहा है कहते हुए बीयर की खाली बोतल उसके माथे पर दे मारी, जिससे सिर से भी खून निकलने लगा। इसी दौरान तीसरे आरोपी विक्की ने डंडे से हमला कर उसके बाएं हाथ पर गंभीर चोट पहुंचा दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी पुलिस थाने जाने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। चंदन नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
