
प्रतिदिन रात्रि को होगी भजन संध्या एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां – नित्य नूतन श्रृंगार होगा सिद्ध विजय गणेश का
इंदौर, मरीमाता चौराहा स्थित श्री सिद्ध विजय गणेश मंदिर पर मंगलवार को गणेशोत्सव के दूसरे दिन गणेशजी की दिव्य प्रतिमा का राजशाही स्वरुप में आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर पर सुबह एवं शाम को 11 विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच दूध एवं फल-फूल से अभिषेक कर गणेशजी को छप्पन भोग समर्पित किए। मंदिर पर बारह दिवसीय गणेशोत्सव के कार्यक्रम भी निर्धारित हो गए हैं। महोत्सव में प्रतिदिन रात 8.30 से 9 बजे तक महाआरती होगी जिसमें अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। आम श्रद्धालु भी इस आरती में भागीदार बनेंगे।
संयोजक एवं विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि मंदिर पर श्रृंगार दर्शन एवं चौराहे पर भक्तों की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार एवं दाएं-बाएं बेरिकेट्स लगाकर भक्तों को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि चौराहे का यातायात बाधित न हो सके। महोत्सव के दूसरे दिन भी सिद्ध विजय गणेश के दर्शनार्थ भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। मंदिर पर देर रात तक भक्तों का सैलाब बना रहा।
महोत्सव में पूरे बारह दिनों तक प्रतिदिन रात 8.30 बजे से महाआरती के बाद 9 बजे से भजन संध्या एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी होंगे। मंदिर के पुजारी पं. प्रेमनारायण शास्त्री, पं. महेंद्र शर्मा, राजेंद्र शास्त्री के निर्देशन में भगवान के नित्य नूतन श्रृंगार का सिलसिला पहले दिन से ही जारी है। पं. चिराग तिवारी ने राजशाही गणेश के रूप में सिद्ध विजय गणेश का इतना मनमोहक श्रृंगार किया कि दर्शक देखते ही रह गए। पुष्प एवं विद्युत सज्जा के कारण समूचे मंदिर परिसर एवं गर्भगृह के दर्शनों का आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात तक मंदिर पर 25 हजार से अधिक भक्तों ने कतारों में लगकर दर्शन किए। महिला एवं पुरूषों के लिए यहां पृथक कतारों में दर्शन एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।
