
प्रतिदिन समर्पित किए जा रहे अलग-अलग किस्म के लड्डू- आज लगाया गया चंवले के लड्डुओं का भोग
इंदौर खजराना स्थित मालवांचल के प्रमुख आस्था केंद्र बन चुके खजराना गणेश मंदिर पर चल रहे बारह दिवसीय गणेश महोत्सव में शनिवार 19 सितम्बर को रात 9.30 बजे से मंदिर परिसर में इंदौर इलूमिनाटी राउंड टेबल 296 एवं भक्त मंडल की ओर से गणपति सुरोत्सव का दिव्य आयोजन होगा जिसमें प्रख्यात भजन गायिका सुश्री श्वेता गुंजन जोशी अपने भक्तिभाव से भरपूर भजनों की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर गणपति बप्पा से मालवांचल में सुखद वर्षा की प्रार्थना भी करेंगी। समाजसेवी अरविन्द बागड़ी ने बताया कि भजन संध्या के लिए मंदिर परिसर में श्री गणपति मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में विशेष प्रबंध किए गए हैं।
मंदिर पर भक्त मंडल की ओर से खजराना गणेश को प्रतिदिन अलग-अलग किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग अर्पित करने की श्रृंखला में गुरुवार शाम को समाजसेवी बीआर गोयल परिवार की ओर से चंवले के 20 हजार लड्डुओं का भोग मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट, पं. सुमित भट्ट एवं जयदेव भट्ट द्वारा वैदिक मंगलाचरण के बीच लगाया गया। प्रसाद वितरण में मंदिर के प्रबन्धक गौरीशंकर मिश्रा एवं घनश्याम शुक्ला के मार्गदर्शन में भक्त मंडल से जुड़े कैलाश पंच, पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार, सुभाष नायक, दिलीप सर, गोकुल पाटीदार, वासुदेव पाटीदार सहित 21 कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। खजराना गणेश को शुक्रवार को भी अविनाश ओएस्टर परिवार की ओर से मूंग के लड्डुओं का भोग समर्पित किया जाएगा।
