
व्यापार, उद्यमिता और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराने का संकल्प
इंदौर। भारत के आर्थिक विकास में योगदान के उद्देश्य से हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर चैप्टर का गठन किया गया है। चैप्टर की कार्यकारी समिति में तपन शर्मा—अध्यक्ष, नमन अग्रवाल—उपाध्यक्ष, अक्षय गुप्ता—सचिव तथा सीए खुशबू सेठिया—कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। नई कार्यकारिणी इंदौर एवं मालवा के व्यवसायियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, निवेशकों और युवाओं को एक मंच पर लाकर व्यापारिक अवसरों और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करेगी।
इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष तपन शर्मा ने कहा कि इंदौर और मालवा की उद्यमशीलता को एक साझा मंच देकर व्यवसायियों को जोडऩा, सहयोग बढ़ाना और सामूहिक आर्थिक प्रगति को गति देना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।
नमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष, ने बताया कि इंदौर चैप्टर के माध्यम से युवा एवं उभरते उद्यमियों को विशेष रूप से आगे बढऩे का मंच मिलेगा। अक्षय गुप्ता, सचिव, ने बताया कि ज्ञान इंदौर चैप्टर युवाओं को सीखने, जुडऩे और अपने व्यवसाय को विस्तार देने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
सीए खुशबू सेठिया, कोषाध्यक्ष, ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर की विरासत से प्रेरणा लेते हुए हिन्दू इकनोमिक चैप्टर इंदौर इकाई महिला आर्थिक सशक्तिकरण और महिला उद्यमिता को विशेष प्रोत्साहन देगा तथा महिला उद्यमियों को बाजार, मार्गदर्शन और व्यापारिक सहयोग के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
इंदौर चैप्टर का लक्ष्य इंदौर एवं मालवा की स्थानीय व्यावसायिक क्षमता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जोडऩा और व्यापारिक विकास के साथ व्यापक सामाजिक-आर्थिक प्रगति में योगदान देना है।
