इंदौर। छोटी गवालटोली थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज पर पैदल चलते समय अचानक गिरकर हुई एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। शुरुआती जांच में जिसे महज एक हादसा या सामान्य मौत माना जा रहा था, वह अब गैर इरादतन हत्या का मामला साबित हुआ है। मृतक के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद डॉक्टरों की राय के आधार पर पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध कायम कर लिया है। छोटी ग्वालटोली पुलिस के अनुसार, मृतक की शिनाख्त इलियास पिता अब्दुल रजाक (48), निवासी खुड़ैल के रूप में हुई है। इलियास बीमारी के सिलसिले में अस्पताल में इलाज कराने इंदौर आया हुआ था। अस्पताल से छुट्टी के बाद वह पैदल ही लौट रहा था, तभी शास्त्री ब्रिज पर अचानक सडक़ पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर इसे सडक़ पर गिरने से हुई सामान्य मौत समझा जा रहा था, लेकिन शव के पंचनामे के दौरान शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के संदिग्ध निशान दिखाई दिए। संदेह गहराने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और डॉक्टरों से द्वितीय मत मांगा। चिकित्सीय रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि शरीर पर आई आंतरिक चोटों के प्रभाव से मृतक को सांस लेने में तीव्र कठिनाई हुई थी, जिसके कारण वह असंतुलित होकर ब्रिज पर गिर गया और उसकी जान चली गई। चोटों की प्रकृति और डॉक्टरों की स्पष्ट राय के आधार पर पुलिस ने माना कि इलियास के साथ किसी ने गंभीर मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है कि अस्पताल से निकलने के बाद इलियास के साथ किसने और क्यों मारपीट की। पुलिस शास्त्री ब्रिज व आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि मृतक के अंतिम मूवमेंट और संदेही की पहचान की जा सके।
