इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र के पिपल्याहाना इलाके में संपत्ति बेचने को लेकर चले आ रहे रंजिश के विवाद में एक महिला के साथ सरेराह और घर में घुसकर दो बार मारपीट करने की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने पहले महिला को रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की और जब पीडि़ता जान बचाकर घर पहुंची, तो आरोपियों ने वहां भी धावा बोलकर उसके साथ दोबारा मारपीट की। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिलक नगर पुलिस के अनुसार, पीडि़ता रजनी राय निवासी दीपक नगर, पिपल्याहाना ने थाने में दर्ज कराई अपनी शिकायत में बताया कि वह अपनी ड्यूटी खत्म कर पैदल घर लौट रही थी। घर से कुछ दूरी पहले ही रास्ते में माधुरी और उसके अन्य साथियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने मकान बेचने की पुरानी बात को लेकर उससे बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे। उस वक्त मौके पर मौजूद एक पड़ोसी ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और आरोपियों को वहां से अलग किया, जिसके बाद पीडि़ता अपने घर चली गई। पीडि़ता का आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे जैसे ही वह अपने घर पहुंची, आरोपी माधुरी अपने परिजनों के साथ पहले से ही वहां जमा थे। पीडि़ता के कदम रखते ही आरोपियों ने फिर से विवाद खड़ा कर दिया और घर में घुसकर रजनी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भागे। तिलक नगर थाना पुलिस ने पीडि़ता रजनी राय की रिपोर्ट पर आरोपी माधुरी, उसके पति, नेहा के माता-पिता और अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
