इंदौर
बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता पर नुकीली वस्तु से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पत्नी के बिना बताए उज्जैन चले जाने पर जब पिता ने उसे डांटा, तो बेटा भडक़ गया और उसने पिता पर नुकीले हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। फरियादी पिता की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना भागीरथपुरा इलाके की है। फरियादी भगवानसिंह पिता पीराजी बागवान, निवासी भागीरथपुरा ने थाने पहुंचकर अपने सगे बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पदमाबाई बिना किसी को बताए अचानक उज्जैन चली गई थी। जब वह घर लौटी, तो फरियादी ने नाराजगी जताते हुए उसे डांट दिया था। इसी बात को लेकर उनका बेटा रवि बागवान आपा खो बैठा और अपने पिता के साथ सरेराह गाली-गलौज करने लगा। जब पीडि़त पिता ने बेटे को गाली देने से मना किया, तो आरोपी रवि उग्र हो गया और उसने अपने पास रखी किसी नुकीली वस्तु से पिता पर हमला कर दिया। आरोपी ने पिता की पीठ, सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और शरीर से खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रवि ने पिता को धमकी दी कि ‘आज के बाद अगर तुमने मम्मी को दोबारा डांटा, तो तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा।’ हमले के बाद घायल पिता किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी आपबीती बताई।
