इंदौर बाणगंगा थाना क्षेत्र में युवती का पीछा करने, गलत नीयत से छेड़छाड़ करने और देर रात घर के बाहर शराब पीकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी मनचले ने देर रात युवती के घर के बाहर जमकर उत्पाद मचाया और उसे जबरन उठाकर ले जाने की धमकी दी। पीडि़ता की शिकायत पर बाणगंगा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय पीडि़ता ने थाने पहुंचकर आरोपी चिंटू मनावत निवासी प्रसीगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़ता ने बताया कि बीती रात करीब 11:30 बजे वह अपनी मां के साथ घर पर सोने की तैयारी कर रही थी। उसी दौरान आरोपी चिंटू शराब के नशे में धुत होकर उनके घर के बाहर पहुंचा और जोर-जोर से चिल्लाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। आरोपी ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि तुम मुझसे बात क्यों नहीं करती, मैं तुम्हें उठाकर ले जाऊंगा जिससे पीडि़ता और उसका परिवार अत्यंत भयभीत व असुरक्षित महसूस करने लगे। पीडि़ता ने पुलिस को अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी चिंटू मनावत पिछले काफी समय से बुरी नीयत से उसका पीछा कर रहा है और रास्ते में आते-जाते समय अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल कर छेड़छाड़ करता है। आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई थी कि वह अक्सर देर रात पीडि़ता के घर का दरवाजा खटखटाता था और विरोध करने पर पूरे परिवार को गालियां देकर जान से खत्म करने की धमकियां देता था। लगातार प्रताडऩा और देर रात घर के बाहर हुए हंगामे से तंग आकर पीडि़ता अपनी मां के साथ थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
