
आंध्रप्रदेश के सेवागढ़ से आए महामंडलेश्वर श्रीजी महाराज के आह्वान पर बंजारा समाज करेगा शांतिपूर्ण शक्ति प्रदर्शन
इंदौर, सकल बंजारा समाज के सेवागढ़ (आंध्रप्रदेश) स्थित संत श्रीसेवालाल महाराज चैरिटेबल ट्रस्ट के धर्माधिकारी स्वामी श्रीजी महाराज के आह्वान पर 2 अक्टूबर को शहर एवं इंदौर जिले के समस्त बंजारा समाज के बंधु सुबह 11 बजे से लालबाग मैदान से कलेक्टोरेट स्थित गंजी कंपाउंड तक शांति मार्च एवं रैली का आयोजन कर पूरे देश में बंजारा समाज को एक समान श्रेणी (एसटी) में शामिल करने की मांग करेंगे।
सेवागढ़ के महामंडलेश्वर श्रीजी महाराज के इंदौर आगमन पर बुधवार को उनके सानिध्य में सम्पन्न हुई समाज की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। बैठक में सकल बंजारा समाज की ओर से मोहन राठौड़, कमल बडतिया, बबलू राठौड़, अजय मूड, भीम सिंह राठौड़, नेमीचंद नायक, कालू ठेकेदार, प्रताप राठौड़ आदि ने अपने विचार व्यक्त किए और इस बात पर आक्रोश जताया कि कर्नाटक, आंध्रप्रदेश एवं दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में बंजारा समाज को विशिष्ट श्रेणी में शामिल कर सरकार की ओर से पर्याप्त सुविधाएँ दी जा रही हैं जबकि उत्तर भारत में मध्यप्रदेश सहित हिंदी भाषी राज्यों में बंजारा समाज की उपेक्षा कर उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है और दक्षिण के मुकाबले उत्तर भारत के राज्यों में बंजारा समाज की घोर उपेक्षा हो रही है।
इसके विरोध में सकल बंजारा समाज के आह्वान पर 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लालबाग मैदान से कलेक्टोरेट स्थित गंजी कंपाउंड तक रैली का आयोजन कर शासन की दोहरी नीति का विरोध किया जाएगा। बंजारा समाज की ओर से गंजी कंपाउंड मैदान पर दोपहर 2 से 4 बजे तक सांकेतिक धरना देकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया जाएगा। फ़िलहाल प्रथम चरण में यह शांतिपूर्ण शक्ति प्रदर्शन आन्दोलन होगा तथा इसके पश्चात नए आन्दोलन की रणनीति तय की जाएगी।
