500 से अधिक महिलाएं थिरकेंगी गरबे की ताल पर, सबको मिलेगी सुहाग श्रृंगार पोटली
इंदौर, महिला प्रकोष्ठ अग्रवाल समाज के “लव यू जिन्दगी” कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार 14 अक्टूबर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक राजीव गाँधी चौराहा स्थित मीरा गार्डन पर शक्ति और भक्ति के समन्वय का अनूठा आयोजन “माता की चौकी” किया जाएगा जिसमें माँ भगवती की आराधना, सुहाग के श्रृंगार, भक्ति और गरबा रास सहित अनेक आकर्षण होंगे। करीब 500 महिलाएं इस महोत्सव में भागीदार बनेंगी जिन्हें पारम्परिक श्रृंगार सामग्री से युक्त श्रृंगार पोटली भेंट की जाएगी। कार्यक्रम में भारतीय सनातन परम्परा के अनुरूप प्रस्तुतियां होंगी और माँ का भव्य दरबार भी सजाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक सुविधा गोयल, मीरा गोयल एवं प्रकोष्ठ की प्रमुख प्रतिभा मित्तल ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही हैं। इसकी शुरुआत मंगलवार 13 अक्टूबर को मेहँदी के साथ होगी। बुधवार 14 अक्टूबर को शाम 6.30 से रात 8 बजे तक गरबा की रंगारंग प्रस्तुति और फलाहार वितरण का आयोजन भी रखा गया है। कार्यक्रम में प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों एवं आकृतियों के माध्यम से माँ के दिव्य रूपों को भी विशेष पात्रों द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा। गरबा रास का नेतृत्व गायत्री पालीवाल करेंगी। कार्यक्रम का ड्रेस कोड लाल रंग रखा गया है जो शक्ति, ऊर्जा एवं माँ के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। कार्यक्रम स्थल पर सभी भागीदार महिलाओं को सुहाग सामग्री वितरित करने की विशेष व्यवस्था भी रखी गई है। महोत्सव की प्रवक्ता गरिमा गुप्ता के अनुसार आयोजन में भगवती महिला मंडल का विशेष सहयोग रहेगा। यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि नारी शक्ति, सनातन संस्कृति, परम्परा और सामूहिक उत्सव का अनूठा समन्वय होगा। कार्यक्रम सभी महिलाओं के लिए खुला है।
