
उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण, स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों को मिला उपचार
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आज देपालपुर क्षेत्र के बनेड़िया में विशाल जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, एसडीएम श्री सी.एस. हुड्डा सहित अन्य अधिकारी, श्री गुमान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव में संचालित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की मैदानी स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण
बनेड़िया में शासकीय उप स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन का लोकार्पण जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति एवं अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार द्वारा किया गया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र एवं शासकीय अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिल रहे उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
आंगनवाड़ी केंद्र और विद्यालय का निरीक्षण
अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पोषण व्यवस्था और केंद्र के संचालन की जानकारी ली। इसके साथ ही पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
वृक्षारोपण और श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश
बनेड़िया पहुंचने पर अतिथियों ने हनुमान मंदिर और वराह अवतार मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही श्रमदान कर स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की। इस पहल के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
शिविर में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों श्री रोहित बड़वाया, श्री राहुल चंदेल, श्री लाखन सिंह चौधरी सहित अन्य उद्यमियों और स्व सहायता समूह की महिलाओं ने शासकीय योजनाओं के माध्यम से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उद्यमियों की समस्याओं, आवश्यकताओं और व्यवसाय के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
जनसंवाद में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाना रहा। शिविर में 170 से अधिक नागरिकों ने अपने आवेदन दिए जिनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया।
पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों को होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक पद्धतियों से भी उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
गांव-गांव पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत अधिकारियों के दल ने गांव-गांव जाकर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया। अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने, शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की गई।
