शरद पूर्णिमा पर 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए होगा विशाल भंडारा – अनेक पुरस्कार भी देंगे

इंदौर, खंडवा रोड स्थित ग्वाला कॉलोनी में न्यू चैतन्य शिवशक्ति गरबा मंडल के तत्वावधान में विधायक मधु वर्मा के आतिथ्य में 1100 दीपकों से मातृशक्ति की आराधना की गई। 350 बालिकाओं ने यहाँ नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर मातारानी की आराधना की। यहाँ पिछले 11 वर्षों से लगातार कोरोना काल छोड़कर गरबों का आयोजन हो रहा है।
गरबा नृत्य में बालिकाओं, मातृशक्ति और श्रद्धालुओं ने राधा कृष्ण की लीलाएँ प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। सिद्धेश्वर मंदिर के स्वामी अतुलानंद और परमानन्द आश्रम के स्वामी भीमानंद महाराज के सानिध्य में बालिकाओं ने बांसुरी की मधुर धुन पर मनमोहक प्रस्तुतियां दी और राधा कृष्णा पर केन्द्रित नृत्य नाटिकाएं भी प्रस्तुत की। संयोजक संदीप विजोरिया एवं आयोजन समिति के संजय अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए 5 हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला विशाल पांडाल बनाया गया। प्रतिदिन श्रेष्ठ प्रतिभागियों को 10 पुरस्कार दिए गए।
25 को विशाल भंडारा – अब 25 अक्टूबर को विश्व हिन्दू फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शरद पूर्णिमा पर 25 अक्टूबर को ग्वाला कॉलोनी में 15 हजार लोगों के लिए भंडारा आयोजित होगा। लकी ड्रा के माध्यम से स्कूटी, रेफ्रिजरेटर और वाशिंग मशीन सहित अनेक पुरस्कार भी दिए जाएँगे। महोत्सव में शामिल सभी 350 बालिकाओं को मिक्सर ग्राइंडर का उपहार दिया जाएगा। संयोजक संदीप विजोरिया ने सभी श्रद्धालुओं से पुण्य लाभ उठाने की अपील की है।
