
इंदौर विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर नवरात्रि महोत्सव में 21 विद्वानों द्वारा महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में चल रहे सग्रहमख शतचंडी महायज्ञ में दिनभर स्वाहाकार की मंगल ध्वनि गूंज रही हैं। महायज्ञ में अब तक 2 लाख से अधिक आहुतियां समर्पित की जा चुकी हैं। सोमवार को महानवमी पर विशेष आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी और कन्या भोज एवं कन्या पूजन के आयोजन भी होंगे। सुबह 9 से दोपहर 1 बजे महायाग में तर्पण मार्जन की शास्त्रोक्त क्रिया भी सम्पन्न होगी।
आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, सुश्री उमा शुक्ला एवं राजेन्द्र महाजन ने बताया कि नवरात्रि में प्रतिदिन सांयकाल 108 दीपों से महाआरती में शामिल होने के लिए भक्तों का मेला लगातार जुट रहा है। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती, आचार्य पं. राजेश शर्मा, आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री एवं आचार्य पं. योगेश पराशर द्वारा प्रतिदिन नियमित आरती की जा रही है। मंदिर पर रविवार को महाअष्टमी के उपलक्ष्य में सुबह से भक्तों की कतारें लगी रही। संध्या को कन्याओं का विशेष पूजन कर उन्हें दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए गए। सोमवार को महानवमी पर संध्या को कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन होगा। प्रतिदिन मातारानी का आकर्षक श्रृंगार भी पहले दिन से आचार्य पं. लोकेश शर्मा एवं पं. रवि की टीम द्वारा किया जा रहा है। रविवार को मातारानी का महागौरी के रूप में अनूठा श्रृंगार प्रख्यात पुष्प सज्जाकार दीपक कुसमाकर के सहयोग से किया गया। सोमवार को सुबह गृह शांति के लिए सग्रहमख महायाग में तर्पण मार्जन के दौरान गुलाब जल, शहद, गौ दुग्ध आदि से मातारानी का महाभिषेक भी किया जाएगा।
विशेष आहुतियाँ – दुर्गा अष्टमी के उपलक्ष्य में रविवार को सग्रहमख महायज्ञ में अनेक यजमानों द्वारा मां को प्रिय व्यंजनों, मालपुए, खीरान, हलवा, गोघृत, पान, त्रिमधु, अनारदाना, शाकल्य सहित अनेक व्यंजनों की आहुतियां समर्पित की गई। महानवमी पर सोमवार 19 अक्टूबर को सुबह विशेष आहुतियाँ दी जाएंगी तथा मंगलवार 20 अक्टूबर को सांय 6 बजे आश्रम परिसर स्थित शमी वृक्ष का पूजन महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती एवं विद्वानों की मौजूदगी में किया जाएगा।
