
इंदौर, शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा मंदिर पर मंगलवार को आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सानिध्य में शक्ति आराधना के महापर्व के उपलक्ष्य में कन्याओं का पाद पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए। मंदिर पर आकर्षक विद्युत, पुष्प एवं दीपों की रोशनी से किया गया श्रृंगार हजारों भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर पर डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने रजत मंडित श्रृंगार में विराजित माँ अन्नपूर्णा सहित अन्य देवी-देवताओं के भी दर्शन किए।
मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज के सानिध्य में विजयादशमी के उपलक्ष्य में मंदिर स्थित सभी दिव्य प्रतिमाओं का आचार्य पं. किशोर शास्त्री के निर्देशन में शास्त्रोक्त विधि से पूजन भी किया गया। इसके पूर्व मंदिर पर नवरात्रि के उपलक्ष्य में चल रहे शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति भी सम्पन्न हुई। मंदिर के संचालक स्वामी जयेन्द्रानंद गिरि महाराज ने बताया कि मंदिर पर सुबह से भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गई थी। दर्शन के लिए आने वाले भक्तों के लिए मंदिर पर विशेष प्रबंध किए गए थे। सुबह से देर रात तक करीब डेढ़ लाख भक्तों ने दर्शन किए। इस दौरान भाव विभोर दर्शकों ने कई बार मातारानी के जयघोष से मंदिर परिसर को गुंजायमान बनाए रखा। संध्या को जैसे ही मंदिर के चारों और आकर्षक विद्युत, पुष्प एवं दीपों की सजावट की गई, समूचा परिसर रोशन हो उठा। रोज की तरह मातारानी का दिन में तीन बार नूतन श्रृंगार कर भोग भी समर्पित किए गए।
