
मालवा मील क्षेत्र में सुशील अग्रवाल और उनके पांच भाइयों एवं तीन बहनों ने बरसों से चली आ रही परम्परा का किया निर्वाह
इंदौर संयुक्त परिवार में रहते हुए या परिवार के सभी छोटे-बड़े सदस्यों के साथ जब किसी त्यौहार की खुशियाँ मनाई जाती है तो उनका उल्लास और आनंद कई गुना बढ़ जाता है। आजकल संयुक्त परिवारों की संख्या में निरंतर कमी आती जा रही है लेकिन अभी भी अपवाद स्वरुप ऐसे अनेक परिवार हैं जो प्रत्येक त्यौहार को एकसाथ एक ही जगह मिल-बैठकर मनाते हैं। शहर के मालवा मील क्षेत्र के अग्रवाल परिवार ने अपनी बरसों पुरानी परम्परा का निर्वाह करते हुए इस बार भी भाईदूज का पर्व 60 सदस्यों के साथ मनाया।
मालवा मील अग्रवाल पंचायत से जुड़े सुशील अग्रवाल एवं अभय पोद्दार के पिताश्री रामेश्वर किशनलाल के 5 भाइयों, 3 बहनों के परिवारजन हमेशा सभी बड़े त्यौहार एकसाथ मनाते हैं। इनके साथ बुआ, मामा, भांजे, बेटे, बेटियां और उनके बच्चों सहित करीब 60 सदस्यों ने इस बार भाईदूज का पर्व एकसाथ एक ही जगह मनाया। सुशील अग्रवाल मालवा मील अग्रवाल पंचायत के मंत्री भी हैं।
उन्होंने बताया कि संयुक्त परिवार का जो आनंद है, उसे आज के एकल परिवार वाले बच्चे नहीं समझ सकते। थोड़े दिनों के लिए भले ही एकल परिवार का आनंद महसूस किया जा सकता है लेकिन समय के साथ वह आनंद भी काफूर हो जाता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि संयुक्त परिवार के 10 वर्ष से कम आयु के बेटे-बेटियां बहुत जल्द लोक व्यवहार, रिश्तों की मर्यादा, गरिमा और एकदूसरे के प्रति स्नेह भावना को आत्मसात करना सीख जाते हैं, जो भविष्य में और अधिक मजबूत बन जाते हैं। यही स्थिति देवरानी-जेठानी, ननंद-भोजाई, सास-बहू, भाई-भाई, भाई-भतीजों के रिश्तों में भी देखने को मिलती है। बहरहाल एक ही घर के अग्रवाल परिवार के 60 सदस्यों ने भाईदूज का उत्सव एकसाथ मनाया जो पूरे समाज एवं क्षेत्र में सराहा जा रहा है।
