बच्चों ने “अगर मोबाइल फ़ोन न होता….“ और जल संरक्षण सहित लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर रखे विचार

इंदौर, गुमाश्ता नगर, स्कीम 71 स्थित श्री वैष्णव कन्या विद्यालय में अंतरविद्यालयीन निबंध, चित्रकला एवं संगीत स्पर्धा का आयोजन शुक्रवार को सौल्लास सम्पन्न हुआ जिसमें शहर के 14 सीबीएसई विद्यालयों के 170 विद्यार्थियों ने शामिल होकर अलग-अलग विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। दिलचस्प तथ्य यह भी है कि कक्षा छठीं से आठवीं के बच्चों के लिए निबंध का विषय था – अगर मोबाइल फ़ोन न होता तो…… और कक्षा नौंवीं से दसवीं के बच्चों के लिए “जल संरक्षण–समय की सबसे बड़ी मांग” तथा ग्यारहवीं-बारहवीं के बच्चों के लिए “लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका” जैसे प्रासंगिक विषयों पर निबन्ध एवं चित्रकला स्पर्धाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने रंगों एवं तूलिकाओं के जरिए अपने ओजस्वी विचार व्यक्त किए।
विद्यालय की प्राचार्य सुश्री ममता शुक्ला ने बताया कि संगीत स्पर्धा में भी देश की विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित लोकगीतों के विषय शामिल किए गए थे। बच्चों ने भी अनेक लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर इस विषय को सार्थक बनाया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति की सदस्य श्रीमती मधुश्री मुछाल ने निर्णायकों के साथ विजेताओं को पुरस्कृत किया। संगीत स्पर्धा के लिए निर्णायक मंडल में प्रख्यात गायिका सपना भाटे एवं श्रीमती राजेश्वरी त्रिवेदी एवं चित्रकला स्पर्धा में श्रीमती साक्षी शर्मा निर्णायक रहीं। साहित्यकार श्रीमती कीर्ति मेहता ने निबंध स्पर्धा के निर्णय घोषित किए तदानुसार संगीत स्पर्धा में वैष्णव एकेडमी के छात्रों ने प्रथम और सिका स्कूल के छात्रों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में कक्षा तीसरी से पांचवीं में एमवीन एकेडमी प्रथम तथा चमेलीदेवी पब्लिक स्कूल द्वितीय, कक्षा छठीं से आठवीं की चित्रकला स्पर्धा में चमेलीदेवी पब्लिक स्कूल प्रथम एवं माहेश्वरी स्कूल द्वितीय तथा नौवीं से दसवीं कक्षा वाले वर्ग में सराफा विद्या निकेतन प्रथम और चमेलीदेवी पब्लिक स्कूल द्वितीय और कक्षा ग्यारहवी-बारहवीं श्रेणी में अल्पाइन एकेडमी प्रथम एवं सराफा विद्या निकेतन के प्रतिभागियों ने द्वितीय विजेता का ख़िताब हासिल किया। विजेताओं को कैलाशचंद्र आगार जनकल्याण फाउंडेशन की ओर से विजेता ट्रॉफी भेंट की गई। विद्यालय की प्राचार्य सुश्री ममता शुक्ला ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रबंधन एवं प्रतिभागी बच्चों का स्वागत करते हुए उनके उत्साह के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन श्रीमती लीना लक्कड़ एवं श्रीमती गरिमा मिश्रा और विद्यालय की छात्राओं ने किया।
