एरोड्रम और मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नो एंट्री में हुई सड़क दुर्घटना में एसीपी-टीआइ सहित सात पुलिसकर्मी दोषी पाए गए है। एक महीने पूर्व हुई इस घटना की जोन-4 के एडीसीपी दीशेष अग्रवाल ने प्राथमिक जांच कर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को प्रस्तुत की है। एडीसीपी की रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।ज्ञात रहे की पेपर और गत्ते से भरा ट्रक(एमपी 09जेडपी 4069) पुलिसकर्मियों की लापरवाही के कारण नो एंट्री में घुस गया था। शराब पीकर ट्रक चला रहे चालक गुलशेर ने 20 लोगों को टक्कर मार दी जिसमें कैलाशचंद्र जोशी,लक्ष्मीनारायण सोनी,महेश,संदीप बिजवा की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना को गंभीरता लेकर डीसीपी(ट्रेफिक) अरविंद तिवारी को मुख्यालय अटैच कर दिया और एसीपी सूदेशसिंह सहित टीआइ अर्जुनसिंह पंवार,दीपक यादव,सूबेदार चंद्रेश मरावी,एसआइ प्रेमसिंह और सिपाही विजय चौहान,राहुल राजावत और देवेंद्र को निलंबित कर दिया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह ने जोन-4 के एडिशनल डीसीपी दीशेष अग्रवाल को घटना की जांच सौंपी गई। गुरुवार को एडीसीपी ने प्रारंभिक रिपोर्ट अफसरों को प्रस्तुत कर बताया सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है। एसीपी से लेकर टीआइ को रिपोर्ट में दोषी बताया गया है।
