इंदौर,
“तम्बाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” के अंतर्गत इंदौर के गवर्नमेंट जीजा बाई हॉस्टल में विद्याथियों को मौखिक स्वच्छता एवं तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। “तम्बाकू मुक्त युवा अभियान” के अंतर्गत जिला अस्पताल इंदौर में कार्यरत दंत चिकित्सक डॉ. तृप्ति सिंह भाटी एवं डीआईसी दंत चिकित्सक डॉ. नीति पंडित द्वारा विद्यालयीन छात्राओं एवं किशोरियों को मौखिक स्वच्छता के महत्व एवं तम्बाकू उत्पादों से होने वाले हानिकारक प्रभावों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के नोडल अधिकारी डॉ. पारस रावत ने विद्यार्थियों को तम्बाकू सेवन से उत्पन्न मुख कैंसर, दांतों के दाग, मसूड़ों की बीमारी और दंत क्षरण जैसी समस्याओं के बारे में जागरूक किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने “तम्बाकू मुक्त जीवन” की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे स्वयं भी तम्बाकू से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। इस जन जागरूकता पहल का उद्देश्य युवाओं में तम्बाकू विरोधी चेतना को बढ़ावा देना और एक स्वस्थ, तम्बाकू मुक्त भारत का निर्माण करना है।


