थाना चंदननगर क्षेत्र में सगाई की खुशियों के बीच आतिशबाजी करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट में बदल गया। घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे लोहा गेट गली नंबर 1, चंदननगर में हुई। फरियादी निजामुद्दीन मंसूरी ने पुलिस को बताया कि उसकी सगाई का कार्यक्रम होने के बाद वह और उसका ताऊ का बेटा जुल्फीकार मंसूरी घर के सामने आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के तीन युवक — मोहम्मद आजम, सरीफ और यासीर वहां पहुंचे और आतिशबाजी बंद करने को कहा। निजामुद्दीन ने बताया कि उसने कहा यह सगाई की खुशी का मौका है, इसलिए आतिशबाजी कर रहे हैं। इस बात पर तीनों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। गालियां देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सरीफ और यासीर ने जुल्फीकार को पकड़ लिया, जबकि मोहम्मद आजम ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले से जुल्फीकार के सिर और कान से खून बहने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए मोहम्मद इमरान मंसूरी को भी पाइप से सीने पर मारा गया, जिससे उसे चोट आई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मोहम्मद आजम, सरीफ और यासीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
