इंदौर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा आईसीसी वर्ल्ड कप में प्रथम बार ऐतिहासिक विजय प्राप्त करने के उपलक्ष्य में इंदौर जी.पी.ओ. में एक विशेष आवरण (Special Cover) का विमोचन किया गया। इस गरिमामयी अवसर की अध्यक्षता श्रीमती प्रीती अग्रवाल, पोस्टमास्टर जनरल, इंदौर परिक्षेत्र ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती प्रीती अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि “भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिस दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्व मंच पर भारत का परचम लहराया है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।” उन्होंने कहा कि यह विशेष आवरण भारतीय डाक विभाग द्वारा हमारे राष्ट्र के गौरवपूर्ण क्षण को सहेजने का एक प्रतीकात्मक प्रयास है।
इस अवसर पर सुश्री सिद्धयानी पाटनी, पूर्व संयुक्त सचिव एमपीसीए, सुश्री अरुंधती किरकिरे, संयुक्त सचिव एमपीसीए, एवं श्री सुधीर असनानी, सचिव एमपीसीए विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेष आवरण का अनावरण किया गया, जो अब फिलेटेलिक ब्यूरो एवं चयनित डाकघरों में उपलब्ध रहेगा, ताकि संग्राहक इस ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति को संजो सकें।
इस विशेष आवरण के माध्यम से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अदम्य भावना, समर्पण और देश को गौरवान्वित करने वाले उनके योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इंदौर डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, वरिष्ठ फिलेटेलिस्ट तथा आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती उर्मिला सैनी ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री मनीष रिमझा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
